अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश मीना ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के सभी सहायक अभियंताओं को विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ब्लॉक स्तर पर ‘हर घर जल’ प्रमाणन का कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए कहा।
जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता चुन्नीलाल ने जिले में घरों को दिए गए नल कनेक्शनों, खंडवार प्रगति, टाइम आवर रन स्कीम, रोड रेस्टोरेशन, डीटीयू गठन, नल जल मित्रों के चयन, जल सेवा आकलन, सुजलम आईडी निर्माण, जल अर्पण दिवस तथा एसएनए पोर्टल पर अद्यतन प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
‘हर घर जल’ प्रमाणन को प्राथमिकता देने के निर्देश
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव ने सभी विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरपंच संघ के साथ समन्वय स्थापित कर नल जल मित्रों के चयन और ‘हर घर जल’ प्रमाणन का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराएं।
उन्होंने हर घर कचरा संग्रहण, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, आरआरसी सेंटर तथा गोबरधन योजना की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, वन विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जिला परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा मिशन के कार्यों को गति देने पर चर्चा की।






