सीकर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों में गति लाने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
ग्रामीण शिविरों में पूरा करें ‘हर घर जल’ प्रमाणन
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे ब्लॉक स्तर पर विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान ‘हर घर जल’ प्रमाणन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंच सके।
सांसद ने धीमी प्रगति पर जताई चिंता
बैठक में सीकर सांसद अमराराम ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। उन्होंने परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रामकुमार चाहिल ने बैठक में घर-घर नल कनेक्शन, खंडवार प्रगति, टाइम ऑवर रन स्कीम, रोड रेस्टोरेशन, डीटीयू गठन, नल जल मित्रों के चयन, जल सेवा आकलन, सुजलम आईडी निर्माण और एसएनए पोर्टल पर अपडेटेशन सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, एसीईओ जिला परिषद शीशराम यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






