सीकर। चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. सत्यनारायण धौलपुरिया ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न सरकारी चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने उप जिला चिकित्सालय फतेहपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोलसाहबसर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढांढण पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कार्मिकों की उपस्थिति, जांच सेवाओं, उपकरणों के रखरखाव और अस्पतालों की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और लेबर रूम पर विशेष फोकस
डॉ. धौलपुरिया ने चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को लेबर रूम में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने तथा नियमित कल्चर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, दवाइयों की उपलब्धता तथा हब एंड स्पोक लैब व्यवस्था की भी समीक्षा की।
दवाइयों, उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल भवन की स्थिति, फायर सेफ्टी उपकरण, इलेक्ट्रिकल ऑडिट, दवाइयों के रखरखाव, खरीदी गई दवाइयों की लैब जांच तथा आईएचएमएस पोर्टल पर समय पर इंद्राज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सोनोग्राफी एवं एक्स-रे मशीनों की स्थिति, रेफरल सिस्टम और वार्ड में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हर्षल चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।






