सीकर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिले की 14 नगरीय निकायों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है।
कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए लोक सूचना 15 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई है।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान
अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
22 सितंबर को उपाध्यक्ष का निर्वाचन
उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे होगी और नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम समय-सीमा दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है।
यदि उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
सीकर की 14 नगरीय निकायों में होगा निर्वाचन
इस कार्यक्रम के तहत सीकर जिले की 14 नगरीय निकायों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होगी। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही निकायों में अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।






