सीकर, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार और नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों एसबीआई बैंक, बावड़ी गेट और सुभाष चौक में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण हटाए गए। रेहड़ी-ठेले संचालकों को भी सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणकर्ताओं के चालान काटे गए।

अव्यवस्थित पार्किंग पर भी कार्रवाई

नगर परिषद की टीम ने सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े फोर व्हीलर और टू व्हीलर वाहनों के खिलाफ भी यातायात नियमों के तहत चालानी कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों को हटाकर आवागमन को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया।

रोजगार प्रभावित करना उद्देश्य नहीं : आयुक्त

नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी के रोजगार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और चौराहों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी-ठेला संचालकों और वाहन चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान नगर परिषद प्रवर्तन दस्ता टीम प्रभारी सूबेदार राकेश कुमार सहित टीम, यातायात पुलिस, संबंधित जोन निरीक्षक और नगर परिषद के कार्मिक मौजूद रहे। नगर परिषद की ओर से नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...