सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सीकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने प्रेस वार्ता में जिले की चुनावी तैयारियों, मतदाता संख्या और मतदान केंद्रों की जानकारी दी।

14 नगरीय निकायों में 5.97 लाख से ज्यादा मतदाता

सीकर जिले की 14 नगरीय निकायों में अंतिम मतदाता सूची के अनुसार कुल 5,97,601 मतदाता हैं।

इनमें 3,10,345 पुरुष, 2,87,248 महिला और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 5,94,701 मतदाता थे। अंतिम प्रकाशन में यह संख्या बढ़कर 5,97,601 हो गई।

495 वार्ड, 673 मतदान केंद्र

जिले की 14 नगरीय निकायों में कुल 495 वार्ड हैं। मतदान के लिए 664 पोलिंग स्टेशन निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा 9 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 673 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

सीकर नगर परिषद में सबसे ज्यादा मतदाता

मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सीकर नगर परिषद जिले की सबसे बड़ी नगरीय निकाय है।

सीकर नगर परिषद में कुल 2,29,231 मतदाता हैं। इनमें 1,19,098 पुरुष, 1,10,128 महिला और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।

यहां 65 वार्ड, 196 पोलिंग स्टेशन और 3 सहायक मतदान केंद्र हैं।

फतेहपुर में 74 हजार से ज्यादा मतदाता

अन्य नगरीय निकायों में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है

  • फतेहपुर: 74,298
  • लक्ष्मणगढ़: 51,004
  • नीमकाथाना: 46,558
  • लोसल: 30,496
  • खंडेला: 30,014
  • श्रीमाधोपुर: 29,384
  • रामगढ़ शेखावाटी: 26,135
  • रींगस: 20,346
  • दांता: 15,837
  • अजीतगढ़: 12,640
  • पलसाना: 11,019
  • खाटूश्यामजी: 10,969
  • धोद: 9,670

दो चरणों में होगा मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सीकर जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे।

पहले चरण में लक्ष्मणगढ़, खाटूश्यामजी, दांता, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, रींगस, अजीतगढ़ और पलसाना में मतदान होगा।

दूसरे चरण में सीकर नगर परिषद, फतेहपुर नगर परिषद, रामगढ़ शेखावाटी, लोसल और धोद में चुनाव होंगे।

27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया

सदस्य पद के लिए 27 अगस्त 2026 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र जमा कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई है।

1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी।

4 सितंबर को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।

9 और 11 सितंबर को मतदान

पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा।

मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। सभी चरणों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कब?

अध्यक्ष पद के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी और 16 सितंबर को नामांकन होंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी।

18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी और इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।

वहीं उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर 2026 को होगा। आवश्यक होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा और इसके तुरंत बाद मतगणना होगी।

आचार संहिता का पालन जरूरी

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

उन्होंने अधिकारियों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से चुनाव आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने को कहा।

जिला प्रशासन की ओर से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

प्रेस वार्ता में अधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार, राजस्व अपीलीय अधिकारी राकेश गढ़वाल सहित प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...