सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सीकर जिले के 14 नगर निकायों में मतगणना की व्यवस्था निर्धारित कर दी गई है। इनमें 2 नगर परिषद और 12 नगरपालिकाएं शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से संबंधित नगरीय निकाय मुख्यालयों पर निर्धारित भवनों और मतगणना कक्षों में मतगणना शुरू होगी।
जिले के कुल 495 वार्डों की मतगणना के लिए 86 टेबलें लगाई गई हैं।
सीकर नगर परिषद में 12 टेबलों पर होगी मतगणना
रामगढ़ शेखावाटी की मतगणना सेठ आर.एन. रूईया पीजी कॉलेज के सेंट्रल हॉल में 5 टेबलों पर होगी।
फतेहपुर में मोदीसन राजकीय महाविद्यालय के कक्ष संख्या 11 में 8 टेबल, लक्ष्मणगढ़ में राजकीय महाविद्यालय के कक्ष संख्या 117 में 7 टेबल तथा सीकर नगर परिषद में श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय के उत्तरी विंग स्थित कक्ष संख्या 109 में 12 टेबलें लगाई गई हैं।
इन निकायों में 5-6 टेबलों पर होगी काउंटिंग
धोद की मतगणना महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, लोसल रोड के कक्ष संख्या 22 में 5 टेबलों पर होगी।
लोसल में श्री डेडराज खेतान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या 1 में 6 टेबल, दांता में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या 3 में 5 टेबल तथा खाटूश्यामजी में राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के कक्ष संख्या 1 में 5 टेबलों पर मतगणना होगी।
पलसाना से अजीतगढ़ तक मतगणना केंद्र
पलसाना में शहीद सीताराम कन्हैयालाल ताम्बी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कलाम मीटिंग हॉल में 5 टेबलों पर मतगणना होगी।
खंडेला में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या 32 में 5 टेबल, रींगस में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या 13 में 6 टेबल तथा नीमकाथाना में कमला मोदी महिला महाविद्यालय के कक्ष संख्या 24 में 7 टेबलें निर्धारित की गई हैं।
इसी तरह श्रीमाधोपुर में राजकीय कन्या महाविद्यालय के कक्ष संख्या 09 में 5 टेबल और अजीतगढ़ में राजकीय कन्या महाविद्यालय के कक्ष संख्या 08 में 5 टेबलों पर मतगणना करवाई जाएगी।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि जिले के सभी 14 नगर निकायों में कुल 86 मतगणना टेबलें लगाई गई हैं।
संबंधित नगरीय निकायों के आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्धारित मतगणना कक्षों के लिए प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपादित करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






