सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के पहले दिन गुरुवार को जिले की 14 नगरीय निकायों में कुल 58 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।

इन नामांकन पत्रों के जरिए 52 अभ्यर्थियों ने चुनाव मैदान में उतरने की दावेदारी पेश की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जिले के 495 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया लोकसूचना जारी होने के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुई।

रींगस में सबसे ज्यादा 18 नामांकन

पहले दिन रींगस नगर पालिका में सबसे अधिक 18 नामांकन पत्र दाखिल हुए। यहां 17 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किया।

इसके बाद रामगढ़ शेखावाटी में 11 नामांकन पत्र (9 अभ्यर्थी) और फतेहपुर नगर परिषद में 10 नामांकन पत्र (9 अभ्यर्थी) दाखिल हुए।

सीकर नगर परिषद में 5 अभ्यर्थियों ने भरे पर्चे

सीकर नगर परिषद में पहले दिन 5 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

वहीं लक्ष्मणगढ़ में 7 नामांकन पत्र (6 अभ्यर्थी), लोसल में 2 (2 अभ्यर्थी), नीमकाथाना में 2 (2 अभ्यर्थी), श्रीमाधोपुर में 2 नामांकन पत्र (1 अभ्यर्थी) और धोद में 1 अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल किया।

इन पांच निकायों में नहीं आया कोई नामांकन

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पहले दिन दांता, खाटूश्यामजी, पलसाना, खंडेला और अजीतगढ़ नगर पालिकाओं में किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

31 अगस्त तक जारी रहेगी नामांकन प्रक्रिया

नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अगस्त और 31 अगस्त 2026 को भी जारी रहेगी।

नामांकन पत्र सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

जिले के 495 वार्डों में चुनावी गतिविधियां तेज होने के साथ आने वाले दिनों में नामांकन की संख्या बढ़ने की संभावना है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...