सीकर, नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने सीकर शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बजाज रोड स्थित जैन स्कूल, डाक बंगला, ए.आर. मेमोरियल स्कूल फतेहपुर रोड और सबलपुरा पावर हाउस स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया।
मतदाताओं की पहचान सत्यापन के निर्देश
आशीष मोदी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता की पहचान और पहचान-पत्र का नियमानुसार सत्यापन करने के बाद ही उसे मतदान के लिए भेजा जाए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात पोलिंग एजेंटों को निर्धारित पहचान-पत्र धारण कर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान-पत्र के किसी भी पोलिंग एजेंट को मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाए।
संवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक भीड़-भाड़ नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा।
लापरवाही नहीं करने के निर्देश
आशीष मोदी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान का अवसर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मतदान दिवस के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कार्मिकों से सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, यूआईटी सचिव राजवीर चौधरी, सीकर एसडीएम सुभाष चन्द्र और सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरण मल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






