सीकर, नगर पालिका आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को जिले के रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद और लोसल में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार चारों नगर निकायों में कुल 73.34 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ नजर आई। कई स्थानों पर मतदाता लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और युवा मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया।
धोद में सबसे ज्यादा 82.97% मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि चारों नगर निकायों में मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रहा। निकायवार मतदान प्रतिशत के अनुसार धोद में 82.97 प्रतिशत मतदान हुआ, जो सबसे अधिक रहा।
इसके बाद लोसल में 78.93 प्रतिशत, रामगढ़ शेखावाटी में 72.89 प्रतिशत और सीकर में 72.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान
मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम तक मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचते रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि मतदान से पहले पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल कराया गया। इसके बाद मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
आशीष मोदी ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिस बल और अन्य संबंधित कार्मिकों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
106 वर्षीय शिव प्रसाद ने व्हीलचेयर पर डाला वोट
सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित वार्ड नंबर 46 में मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति उत्साह की प्रेरणादायी तस्वीर सामने आई। यहां 106 वर्षीय शिव प्रसाद अपने पोते अमित चिरानिया के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पोते अमित चिरानिया ने बताया कि उनके दादाजी की मतदान करने की इच्छा थी। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र लाया गया।
106 वर्ष की उम्र में मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने का उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं का जताया आभार
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान में उत्साह के साथ भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि लोगों की सजग और सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान में भूमिका निभाने वाले चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिसकर्मियों और निर्वाचन कार्य में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का भी आभार व्यक्त किया।






