सीकर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सीकर प्रशासन ने कानून व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, पुलिस जाप्ते की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, अफवाहों की रोकथाम और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

संवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने जिले के सभी नगरीय निकायों के संवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा की।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील बूथों का निर्धारण करते समय पूर्व के आपसी विवाद और लड़ाई की घटनाओं, हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों, धार्मिक एवं जातीय संघर्ष, राजनीतिक वर्चस्व सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा जाए।

इसके आधार पर संवेदनशील मतदान केंद्रों पर आवश्यकतानुसार पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा।

मॉकपोल में प्रोटोकॉल का रखें विशेष ध्यान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान दिवस पर मॉकपोल की प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सावधानीपूर्वक करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर क्राउड मैनेजमेंट, अफवाहों की रोकथाम और कानून व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए।

सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर अच्छी तरह प्रशिक्षित एवं संवेदित करने तथा मतदान केंद्रों का डिमार्केशन स्पष्ट करवाने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम-सीओ और तहसीलदार-थानाधिकारी करेंगे संयुक्त भ्रमण

जिला निर्वाचन अधिकारी मोदी ने निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर संवेदनशील मतदान केंद्रों का एसडीएम एवं सीओ तथा तहसीलदार एवं थानाधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण करें।

उन्होंने सभी अधिकारियों से निर्धारित कम्युनिकेशन प्लान के अनुसार अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।

साथ ही स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

शराब बांटने और मतदाताओं को प्रलोभन देने पर तत्काल कार्रवाई

चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस या उससे पहले शराब वितरण, मतदाताओं को आर्थिक प्रलोभन देने अथवा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली अन्य गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए।

ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के निर्देश

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान दिवस पर मतदान केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने को कहा।

ये अधिकारी रहे बैठक में मौजूद

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल महला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा सहित संबंधित नगरीय निकायों के रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थानाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...