सीकर, नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दलों की रवानगी की गई। सुबह 10 बजे अंतिम प्रशिक्षण के साथ मतदान दलों को आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई और उन्हें निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

प्रथम चरण में जिले के 10 नगरीय निकायों में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। मतदान दल देर शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए।

इन 10 नगरीय निकायों में मतदान

प्रथम चरण में फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, खाटूश्यामजी, रींगस, खण्डेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ और नीमकाथाना नगरीय निकायों में मतदान होगा।

इन निकायों में कुल 3 लाख 2 हजार 69 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

कलेक्टर-एसपी ने किया रवानगी स्थलों का निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने मंगलवार को रींगस, श्रीमाधोपुर, खण्डेला और नीमकाथाना में मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं रवानगी स्थलों का निरीक्षण किया।

श्रीमाधोपुर के राजकीय कन्या महाविद्यालय में उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण, रवानगी स्थल और मतगणना स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान दलों को निर्वाचन नियमावली के अनुसार मतदान प्रक्रिया पूरी कराने तथा मतदान सामग्री की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद मतदान सामग्री और सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच कर ली जाए, ताकि मतदान दिवस पर किसी तरह की परेशानी न हो।

संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता

रींगस में भी जिला कलेक्टर और एसपी ने चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अंतिम प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए।

रींगस में 9 सितंबर को 35 वार्डों के लिए मतदान होगा।

मतदान दलों की जिम्मेदारी अहम: आशीष मोदी

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने नीमकाथाना और खण्डेला में मतदान दलों की रवानगी के दौरान कार्मिकों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सौंपे गए दायित्व को सभी कार्मिक निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ पूरा करें।

उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्र पर पहुंचते ही प्रस्तावित मतदान भवन का बारीकी से निरीक्षण करें और मॉडल मतदान केंद्र के ले-आउट के अनुसार मतदान केंद्र की स्थापना करें।

किस निकाय में कितने मतदाता?

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है—

नगरीय निकायमतदाता
फतेहपुर74,298
लक्ष्मणगढ़51,004
नीमकाथाना46,558
खण्डेला30,014
श्रीमाधोपुर29,384
रींगस20,346
दांता15,837
अजीतगढ़12,640
पलसाना11,019
खाटूश्यामजी10,969
कुल3,02,069

9 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को मतगणना

प्रथम चरण के सभी 10 नगरीय निकायों में 9 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

वहीं 14 सितंबर 2026 को मतगणना की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को लेकर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारी भी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...