सीकर, नगर निकाय आम चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच चुनाव प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने पर एक शिक्षक के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि निर्वाचन विभाग, राजस्थान के निर्देशानुसार 29 अगस्त 2026 को मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया था।
इस प्रशिक्षण में सुभाष कुमार बड़सरा, वरिष्ठ अध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सालवाड़ी अनुपस्थित रहे।
विभागीय निर्देशों की अवहेलना का आरोप
प्रशासन के अनुसार प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहकर बड़सरा ने विभागीय निर्देशों की अवहेलना की तथा निर्वाचन कार्य के प्रति उदासीनता बरती।
इसे गंभीरता से लेते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
नोटिस में सुभाष कुमार बड़सरा को निर्देशित किया गया है कि वे 03 दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि निर्वाचन प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के मामले में उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।
निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त
नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर सीकर जिला प्रशासन द्वारा चुनाव से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं अन्य तैयारियां कराई जा रही हैं।
प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी से जुड़े कार्मिकों को निर्धारित प्रशिक्षण एवं निर्वाचन संबंधी दायित्वों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






