सीकर,नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर शुक्रवार को सीकर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बैठक में चुनाव तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अब तक की गई तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली गई।
मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान दलों की नियुक्ति और प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा पीठासीन अधिकारियों, प्रथम मतदान अधिकारियों और अन्य कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की जानकारी भी ली।
जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति तथा उनके प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित करें।
रवानगी, संग्रहण और मतगणना व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में मतदान दलों के रवानगी स्थल, मतदान सामग्री की संग्रहण व्यवस्था और मतगणना व्यवस्था की जानकारी भी ली गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल महला ने निकाय चुनाव को लेकर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी।
स्वीप गतिविधियों से मतदाताओं को किया जाएगा जागरूक
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एवं स्वीप नोडल अधिकारी से जिले में चल रही मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रैली, रंगोली और विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए स्वीप के तहत प्रभावी जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जाएं।
पुलिस व्यवस्था और अवैध शराब पर भी सख्ती
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक से मतदान दलों के साथ पुलिस जाप्ते की तैनाती की जानकारी ली।
इसके साथ ही थानों में हथियार जमा करवाने, अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और जब्ती की कार्रवाई के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि यदि चुनाव के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता है तो इसकी व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर किया स्वागत
बैठक से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कलेक्ट्रेट पहुंचने पर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल महला, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर भावना शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजपाल यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह और सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरण मल सहित चुनाव से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।






