सीकर, नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को देखते हुए सीकर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद सभापति खतीजा बानो ने सख्ती दिखाई है।
सभापति ने नगर परिषद के मीटिंग हॉल में अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी सफाई जोन प्रभारियों की बैठक लेकर पर्वों के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
बैठक को संबोधित करते हुए सभापति खतीजा बानो ने कहा कि नवरात्रि और दीपावली आस्था, उमंग और उत्साह के पर्व हैं। इन दौरान बाजारों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्वों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बाजारों और मंदिरों में अतिरिक्त सफाई
सभापति ने अधिकारियों और सफाई जोन प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई के साथ विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाए।
मुख्य बाजारों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों, चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
कचरा उठाने में देरी नहीं करने के निर्देश
सभापति ने कहा कि त्योहारों के दौरान कचरा उठाने में देरी नहीं होनी चाहिए। सफाई व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभापति ने कहा कि आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना नगर परिषद की प्राथमिकता है। नवरात्रि और दीपावली के दौरान इस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में आयुक्त सुरेन्द्र सिंह यादव, अधिशाषी अभियंता सुनील कुमार यादव, लेखा अधिकारी हरलाल, सहायक अभियंता वाजिद अहमद, सहायक अभियंता विकास मिश्रा, सहायक प्रवीण चौधरी, सहायक अभियंता अमित शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, दीपिका पारीक, पिंकी मीणा, नीतू कुमावत और निधि चौधरी सहित सभी जोन सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
