सीकर। नवलगढ़ रोड क्षेत्र में जल निकासी एवं गंदगी की समस्या को लेकर नवलगढ़ रोड जल निकासी संघर्ष समिति की ओर से बुधवार को नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपा गया।
समिति ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।
बारिश के बाद जमा कीचड़ और गंदगी की सफाई की मांग
समिति की ओर से महेंद्र काजला एवं दीपक चौधरी ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद क्षेत्र में जमा कीचड़ एवं गंदगी की सफाई करवाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही पुलिया के नीचे बनी सर्विस रोड को दोनों ओर से समान करने और क्षेत्र में सीवरेज जल्द डलवाने सहित अन्य मांगों को लेकर नगर परिषद प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
तीन दशक से समस्या, स्थायी समाधान की मांग
समिति के वरिष्ठ सदस्य बीरबल बड़जाति ने नवलगढ़ रोड क्षेत्र में करीब तीन दशक से चली आ रही समस्याओं का उल्लेख करते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समिति सदस्यों ने रखी समस्याएं
ज्ञापन के दौरान समिति के सदस्य सुभाष कुमावत, अनूप सुण्डा, मोहन बाजोर, उमेश शर्मा, मनोज कुमावत, अभिषेक चौधरी, पंकज भूकर, सुरेन्द्र खाखल, अनुराग कुमावत और सुरेश कुमार सहित अन्य लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी।
समिति सदस्यों ने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
समिति का कहना है कि नवलगढ़ रोड क्षेत्र में जलभराव एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है।






