सीकर में निकाय चुनाव 2026 की तैयारी तेज, सेक्टर अधिकारियों को ट्रेनिंग
सीकर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हुआ। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई।
मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव ने प्रशिक्षण को संबोधित किया।
उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें।
साथ ही मतदान केंद्रों की सूची एवं उनसे संबंधित सूचनाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
पहुंच मार्ग से लेकर पेयजल तक व्यवस्थाओं की जांच
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर जरूरी मूलभूत सुविधाओं की समय पर समीक्षा की जाए।
इनमें पहुंच मार्ग, पेयजल, विद्युत, शौचालय और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
किसी मतदान केंद्र पर कमी या समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल सूचना देकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा और संवेदनशील बिंदुओं पर भी चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी जानकारी दी गई।
इसके साथ ही संवेदनशील बिंदुओं की पहचान, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और मतदान दिवस पर सेक्टर अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निष्पक्ष चुनाव में सेक्टर अधिकारियों की अहम भूमिका
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित चुनाव कराने में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी अधिकारियों से राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने और सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से निर्वहन करने का आह्वान किया।
मतदान प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. सी.पी. महर्षि ने सेक्टर अधिकारियों को नगर निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ से राजेंद्र दुबे, मुनेश कुमार और रवि गौड़ भी मौजूद रहे।






