सीकर में निकाय चुनाव का प्रशिक्षण 29 अगस्त से, 2031 कार्मिक होंगे शामिल
सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदान कार्मिकों और सेक्टर अधिकारियों के प्रथम प्रशिक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
प्रशिक्षण 29 अगस्त, 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, कटराथल में आयोजित होगा। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
2,031 कार्मिकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण में कुल 2,031 कार्मिक शामिल होंगे। इनमें 185 सेक्टर अधिकारी, 923 पीठासीन अधिकारी (PRO) और 923 प्रथम मतदान अधिकारी (PO-I) शामिल हैं।
प्रशिक्षणार्थियों को 35-35 के समूहों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक कार्मिक को EVM की कार्यप्रणाली समझाने के साथ हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल भी कराया जाएगा।
किस दिन किन कार्मिकों का प्रशिक्षण?
प्रशिक्षण का कार्यक्रम कार्मिक क्रमांक के अनुसार निर्धारित किया गया है।
29 अगस्त: सेक्टर अधिकारी क्रमांक 1 से 60 तथा PRO और PO-I क्रमांक 1 से 289।
31 अगस्त: सेक्टर अधिकारी क्रमांक 61 से 120 तथा PRO और PO-I क्रमांक 290 से 612।
1 सितंबर: सेक्टर अधिकारी क्रमांक 121 से 185 तथा PRO और PO-I क्रमांक 613 से 923।
मतदान से पहले और बाद की प्रक्रिया समझाई जाएगी
प्रशिक्षण में राज्य निर्वाचन आयोग की नवीनतम पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से मतदान प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी।
कार्मिकों को मतदान पूर्व, मतदान के दौरान और मतदान समाप्त होने के बाद की जाने वाली कार्रवाई का विस्तृत प्रशिक्षण मिलेगा।
इसके साथ ही मतदान सामग्री के संग्रहण, सील एवं अनसील्ड लिफाफों के इस्तेमाल, नए दिशा-निर्देशों, नवाचारों तथा Do’s एवं Don’ts की जानकारी भी दी जाएगी।
EVM प्रशिक्षण पर विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान EVM की बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट के संचालन का प्रैक्टिकल कराया जाएगा।
EVM प्रकोष्ठ को प्रत्येक प्रशिक्षण दिवस पर लगभग 25 बैलेट यूनिट और 25 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के बाद मशीनों को सुरक्षित रूप से वेयरहाउस में जमा कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद परीक्षा भी होगी
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज करने, परिचय-पत्र जारी करने और अन्य ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रक्रियाओं के साथ प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
SLMTs, DLMTs और BLMTs विधानसभा क्षेत्रवार पावर प्वाइंट प्रस्तुति के जरिए मतदान प्रक्रिया का सैद्धांतिक प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद मतदान प्रक्रिया का डेमो भी प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशिक्षण स्थल पर रहेंगी जरूरी सुविधाएं
प्रशिक्षण स्थल पर कार्मिकों के लिए पेयजल, फर्नीचर, बिजली, माइक, साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट और काउंटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
वैकल्पिक बिजली व्यवस्था और बैटरी युक्त माइक की व्यवस्था भी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा चिकित्सा टीम और मेडिकल वैन उपलब्ध रहेगी। प्रशिक्षण की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
सुरक्षा और पार्किंग की भी व्यवस्था
कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ को प्रशिक्षण स्थल पर सुरक्षा और वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत वितरण निगम को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा निर्वाचन भंडार को आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्य का रखा जाएगा ध्यान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कक्षों का चयन इस तरह किया जाए कि विश्वविद्यालय के नियमित शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हों।
जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ बरामदों में भी EVM का प्रशिक्षण कराया जा सकेगा। हालांकि सैद्धांतिक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय के कमरों में LCD प्रोजेक्टर और पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से कराया जाएगा।
चुनाव तक उपकरण निर्वाचन कार्य के लिए रहेंगे अधिग्रहित
आदेश के अनुसार श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय, सीकर के LCD, पर्दा, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक उपकरण नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 संपन्न होने तक निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित रहेंगे।
जरूरत पड़ने पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अतिरिक्त उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।






