सीकर के 4 नगर निकायों में वोटिंग जारी, 2.92 लाख वोटर्स का फैसला
सीकर जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत चार नगर निकायों में मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।
मतदाता सुबह से ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं।
2.92 लाख वोटर्स तय करेंगे प्रत्याशियों का भविष्य
इन चार नगर निकायों में कुल करीब 2.92 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान के बाद 537 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला मतपेटियों में बंद हो जाएगा।
चुनावी मैदान में कई वार्डों में मुकाबला रोचक बना हुआ है और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
शाम 6 बजे तक चलेगी वोटिंग
मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी मतदान केन्द्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।






