सीकर में 7 अक्टूबर से सेवा सेतु अभियान, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
सीकर, शहरी नागरिकों को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ देने और जन समस्याओं के समाधान के लिए नगर विकास न्यास, सीकर की ओर से ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ आयोजित किया जाएगा।
अभियान 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। 11 अक्टूबर रविवार को अभियान नहीं होगा।
यूआईटी सचिव राजवीर सिंह चौधरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शहरी नागरिकों को प्रदत्त सेवाओं का त्वरित निस्तारण, जन समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण है।
अभियान के सुचारू और समयबद्ध संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उपनगर नियोजक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पट्टे और जमीन से जुड़े लंबित काम होंगे
अभियान के दौरान पट्टे एवं नियमन से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इनमें अनुमोदित योजनाओं के पट्टे जारी करना, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करना और लीज मुक्ति प्रमाण पत्र जारी करना शामिल है।
इसके अलावा भू-अभिलेख एवं नियोजन से जुड़े लंबित प्रकरणों का भी निस्तारण किया जाएगा।
इनमें भूखंडों का उपविभाजन, पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज), नामांतरण और भवन निर्माण स्वीकृति से संबंधित मामले शामिल हैं।
सड़क, नाली और सीवर की समस्याएं भी होंगी दूर
अभियान के तहत नगर विकास न्यास क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सीसी और डामर सड़कों की मरम्मत एवं पेचवर्क कराया जाएगा।
इसके साथ ही नालियों, फेरोकवर और मैनहोल की मरम्मत तथा सीवर लाइन में लीकेज की समस्याओं को भी समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट और शहर के सौंदर्यीकरण पर जोर
शहरी सौंदर्यीकरण एवं जन सुरक्षा के तहत प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।
सार्वजनिक सड़कों के साथ-साथ अंधेरे और सुनसान रास्तों पर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइटें लगाने का काम भी किया जाएगा।
यूडी टैक्स और योजनाओं के लिए हेल्प डेस्क
अभियान के दौरान यूडी टैक्स जमा कराने के लिए नागरिकों को सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं फ्लैगशिप एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी सेवाओं के लिए शिविरों में हेल्प डेस्क और काउंटर स्थापित किए जाएंगे। यहां नागरिकों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक लगेंगे शिविर
सेवा सेतु अभियान के दौरान शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर शुरू होने से आधा घंटा पहले उपस्थित होकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।






