सीकर निकाय चुनाव: 664 केंद्रों के लिए 845 ईवीएम सेट आवंटित

सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के 14 नगरीय निकायों में होने वाले मतदान के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

यह प्रक्रिया पर्यवेक्षक की अनुमति से ई-सूची पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। रेंडमाइजेशन के दौरान मतदान केंद्रों की आवश्यकता के अनुसार ईवीएम एवं डीएमएम का ऑनलाइन आवंटन किया गया।

664 मतदान केंद्रों के लिए 845-845 मशीनें आवंटित

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में उपलब्ध एफएलसी ओके एमपीएमवी ईवीएम में बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट उपलब्ध थीं। प्रशिक्षण एवं अन्य प्रयोजनों के लिए आरक्षित मशीनों को अलग रखने के बाद प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया था।

इसके बाद द्वितीय रेंडमाइजेशन में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों की आवश्यकता के अनुरूप 125 प्रतिशत ईवीएम एवं डीएमएम का नगर निकायवार और मतदान केंद्रवार ऑनलाइन आवंटन किया गया।

जिले के कुल 672 मतदान केंद्रों में से 664 सविरोध मतदान केंद्रों के लिए कुल 845 कंट्रोल यूनिट, 845 बैलेट यूनिट और 845 डीएमएम आवंटित किए गए।

सीकर में 194 मतदान केंद्रों के लिए आवंटन

नगर निकायवार आवंटन की बात करें तो सीकर नगर परिषद के 194 मतदान केंद्रों के लिए 248 कंट्रोल यूनिट, 248 बैलेट यूनिट और 248 डीएमएम आवंटित किए गए हैं।

इसके अलावा विभिन्न नगरीय निकायों के मतदान केंद्रों के लिए भी आवश्यकता के अनुसार ईवीएम एवं डीएमएम आवंटित किए गए हैं।

  • फतेहपुर: 79 मतदान केंद्र
  • लक्ष्मणगढ़: 53
  • नीमकाथाना: 49
  • श्रीमाधोपुर: 37
  • रींगस: 35
  • लोसल: 35
  • रामगढ़ शेखावाटी: 32
  • खण्डेला: 40
  • अजीतगढ़: 25
  • दांता: 25
  • धोद: 20
  • खाटूश्यामजी: 20
  • पलसाना: 20

राजनीतिक दलों को दी गईं हस्ताक्षरयुक्त सूचियां

द्वितीय रेंडमाइजेशन के बाद नगर निकायवार मतदान केंद्रों के लिए आवंटित कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और डीएमएम की हस्ताक्षरयुक्त सूचियां बैठक में मौजूद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं।

जो राजनीतिक दल बैठक में उपस्थित नहीं थे, उनके प्रतिनिधियों को भी संबंधित सूचियां उपलब्ध कराने के निर्देश ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी को दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उम्मीदवारों को भी प्रथम रेंडमाइजेशन, आरक्षित ईवीएम और प्रशिक्षण में इस्तेमाल की गई ईवीएम की सूचियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

श्री कल्याण कॉलेज में होगी ईवीएम कमीशनिंग

द्वितीय रेंडमाइजेशन के बाद नगर निकायवार आवंटित ईवीएम के सेग्रीगेशन और मतदान केंद्रवार कमीशनिंग की प्रक्रिया श्री कल्याण राजकीय कन्या महाविद्यालय, सीकर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी।

इस प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

पांच वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि जिले में पांच वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें:

  • नगर परिषद सीकर – वार्ड संख्या 65
  • नगरपालिका लक्ष्मणगढ़ – वार्ड संख्या 15
  • नगरपालिका रामगढ़ शेखावाटी – वार्ड संख्या 12
  • नगरपालिका रामगढ़ शेखावाटी – वार्ड संख्या 14
  • नगरपालिका रामगढ़ शेखावाटी – वार्ड संख्या 18

शामिल हैं।

अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार, सभी रिटर्निंग अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बहुजन समाज पार्टी से भंवरलाल दानोदिया, भारतीय जनता पार्टी से महावीर प्रसाद सैन, आम आदमी पार्टी से शिवनाथ सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस से पुरूषोतम शर्मा, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम) से रामरतन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से इंजीनियर भंवर सिंह सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...