सीकर में स्वरोजगार के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, कंप्यूटर अकाउंटिंग से फास्ट फूड तक तीन कोर्स में आवेदन शुरू
सीकर, जिले में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक-ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), सीकर की ओर से अगस्त 2026 में तीन निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कंप्यूटर अकाउंटिंग (Tally), आर्टिफिशियल ज्वेलरी एवं क्रिएटिव राखी निर्माण और फास्ट फूड निर्माण का प्रशिक्षण शामिल है।
अलग-अलग अवधि में होंगे प्रशिक्षण
कंप्यूटर अकाउंटिंग (Tally) का 40 दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण 12 अगस्त से 22 सितंबर तक आयोजित होगा। वहीं आर्टिफिशियल ज्वेलरी एवं क्रिएटिव राखी निर्माण का 14 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 14 से 27 अगस्त तक और फास्ट फूड निर्माण का 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 25 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
18 से 50 वर्ष तक के लोग कर सकेंगे आवेदन
प्रशिक्षण के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले 18 से 50 वर्ष आयु के पुरुष एवं महिलाएं आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वरोजगार से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं कौशल उपलब्ध कराना है।
इच्छुक अभ्यर्थी नामांकन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक और दो फोटो साथ लेकर आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर नामांकन करवाने की अपील की गई है।






