सीकर ROB के दोनों ओर सर्विस रोड का काम शुरू, ड्रेनेज भी बनेगा

सीकर। सीकर के नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के दोनों ओर यातायात और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सर्विस रोड, डिवाइडर और ड्रेनेज नाले का निर्माण मंगलवार से शुरू कर दिया गया। निर्माण कार्य के लिए मौके पर बने चबूतरों सहित अन्य आवश्यक अवरोध हटाकर जगह क्लियर करने का काम भी शुरू किया गया है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रकाश चंद्र निठारवाल के अनुसार दोनों ओर कुल 9.30 मीटर चौड़ाई में निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसमें सर्विस रोड, डिवाइडर और ड्रेनेज नाला शामिल है।

7.5 मीटर की सर्विस रोड, 1.5 मीटर का ड्रेनेज नाला

निर्माण योजना के तहत दोनों ओर 7.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड, 0.30 मीटर चौड़ा डिवाइडर और 1.5 मीटर चौड़ा ड्रेनेज नाला बनाया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी के अनुसार जगह क्लियर करने के साथ ही सर्विस रोड, डिवाइडर और ड्रेनेज नाले का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

यातायात और जल निकासी होगी बेहतर

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आरओबी के दोनों ओर यातायात आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही ड्रेनेज नाला बनने से बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था भी मजबूत होगी।

इससे आरओबी के आसपास जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने और वाहन चालकों के लिए आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कलेक्टर के निर्देश के बाद शुरू हुआ काम

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने हाल ही में पीडब्ल्यूडी और एवीवीएनएल अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर आरओबी के दोनों ओर सर्विस रोड, डिवाइडर और ड्रेनेज का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।

निर्देशों की पालना में मंगलवार को निर्माण कार्य शुरू किया गया। कार्य शुरू करने से पहले पीडब्ल्यूडी और एवीवीएनएल अधिकारियों ने मौके का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...