सीकर में आज 13 जगह लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर, जानें पूरी लिस्ट
सीकर जिले में आज 18 अगस्त 2026 को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने बताया कि जिले की अलग-अलग पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सीकर की इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
18 अगस्त को पिपराली पंचायत समिति की दौलतपुरा, खंडेला की रलावता, नेछवा की भिलुण्डा और लक्ष्मणगढ़ की बगड़ी ग्राम पंचायत में फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे।
इसी तरह नीमकाथाना की दीपावास और डोकन, धोद की सरवड़ी और मांडोता, फतेहपुर की बलोद भाखरा और बलोद छोटी, श्रीमाधोपुर की नाथूसर तथा दांतारामगढ़ की करड़ और डांसरोली ग्राम पंचायतों में भी शिविर लगाए जाएंगे।
कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, चिकित्सा तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
इन शिविरों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी शिविर में पूरी की जाएगी।
एक जगह मिलेगी कई सरकारी सेवाओं की सुविधा
प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। ग्रामीण अपनी समस्याएं और योजनाओं से संबंधित आवश्यक कार्यवाही के लिए शिविर में संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।






