निकाय चुनाव: सीकर में 22 अगस्त से मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण
सीकर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल संचालन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कैलेंडर जारी किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण प्रक्रिया 22 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी।
बीएलएमटी और आरओ स्टाफ को दिया जाएगा प्रशिक्षण
22 अगस्त को जिला परिषद सभागार में बीएलएमटी के 29 कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित होगा।
इसके बाद 24 अगस्त को आरओ स्टाफ के 120 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं, 24 और 25 अगस्त को सेक्टर अधिकारियों के दो बैचों का प्रशिक्षण होगा। इनमें क्रमशः 90 और 93 कार्मिक शामिल होंगे।
पीआरओ और पीओ-1 के लिए 600-600 कार्मिकों का प्रशिक्षण
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 29 अगस्त, 31 अगस्त और 1 सितंबर को पीआरओ एवं पीओ-1 के प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिदिन 600-600 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का आयोजन शेखावाटी विश्वविद्यालय के विधि भवन में किया जाएगा।
8 और 10 सितंबर को होगा अंतिम चरण
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में 8 सितंबर को 2,148 तथा 10 सितंबर को 1,452 पीआरओ एवं पीओ-1 को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन कार्मिकों का प्रशिक्षण संबंधित रवानगी स्थलों पर आयोजित होगा। इसके लिए सीकर, फतेहपुर, लोसल, धोद और रामगढ़ शेखावाटी को केंद्र बनाया गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से चुनाव ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।






