सीकर शहरी सेवा शिविर में यूआईटी ने किए पट्टा व नामांतरण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण
राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत नगर विकास न्यास (यूआईटी), सीकर द्वारा आमजन को त्वरित राहत प्रदान करते हुए पट्टा, नामांतरण सहित विभिन्न प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़ ने बताया कि मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
पट्टा प्रकरणों का हुआ निस्तारण
यूआईटी सचिव के अनुसार, कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पट्टा प्रकरणों से संबंधित 5 आवेदन प्राप्त हुए। परीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई के बाद 6 पट्टा प्रकरण स्वीकृत किए गए, जिससे नगर विकास न्यास को करीब ₹4.30 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।
नामांतरण प्रकरणों का भी हुआ समाधान
उन्होंने बताया कि नाम हस्तांतरण से संबंधित 1 आवेदन प्राप्त हुआ, जबकि 6 नामांतरण प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर
यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़ ने कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों को त्वरित राहत देने के साथ-साथ राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया भी प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है।






