117 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
राज्य सरकार के शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत शनिवार को नगर परिषद सीकर में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने शहर को 117 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया तथा 84 पट्टों का वितरण भी किया।
करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
कार्यक्रम में मंत्री ने
- 49.22 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी के शोधित जल के तृतीय शोधन एवं कृषि उपयोग परियोजना,
- 7.54 करोड़ रुपये की लागत से योजना नगर से एक्सीलेंस कॉलेज के पीछे स्थित एसटीपी तक सीवर लाइन निर्माण,
- 32.92 करोड़ रुपये की लागत से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसी, बीटी एवं इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण कार्यों
का शिलान्यास किया।
इसके अलावा 1.05 करोड़ रुपये की लागत से शास्त्री नगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन तथा 26.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में कुल 84 पट्टों का वितरण किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 4 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में 1-1 लाख रुपये तथा 5 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये के चेक दिए गए।
वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत
- 9 लाभार्थियों को 15-15 हजार रुपये,
- 3 लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपये,
- 2 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये
की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। एक भवन निर्माण स्वीकृति पत्र भी जारी किया गया।
शिविर का किया निरीक्षण
यूडीएच मंत्री ने नगर परिषद में चल रहे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर आमजन से संवाद किया तथा अधिकारियों से शिविर की प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान “ए मॉडल का तंबाकू वेंडर लाइसेंसिंग” पुस्तक का भी विमोचन किया गया।






