सीकर, जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार नगर परिषद सीकर आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बुधवार रात शहर की रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख बाजारों, सर्किलों और मार्गों पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया।

आयुक्त ने कल्याण सर्किल, जाट बाजार, सालासर स्टैंड, सुभाष चौक, रामलीला मैदान और रानी सती सर्किल सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सफाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को प्रभावी और नियमित बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी मिले, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने कहा कि सीकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से लिया सफाई व्यवस्था का फीडबैक

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आमजन से संवाद कर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाएं। आयुक्त ने कहा कि बेहतर स्वच्छता व्यवस्था के लिए आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है।

प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, विक्रम तंबोली, जोन निरीक्षक सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...