सीकर जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में 10 नगर निकायों में वोटिंग जारी है। इनमें फतेहपुर नगर परिषद के अलावा लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, रींगस, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, खंडेला, नीमकाथाना और खाटूश्यामजी नगर पालिकाएं शामिल हैं।
जिले में पहले चरण के मतदान के दौरान अब तक करीब 30 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है।
दो चरणों में हो रहा चुनाव
सीकर जिले के नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में आज 10 निकायों में मतदान हो रहा है।
जिले के बाकी 4 नगर निकायों में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। सभी नगर निकायों के चुनाव परिणाम के लिए 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
फतेहपुर के वार्ड-40 में फर्जी मतदान की शिकायत
फतेहपुर नगर परिषद के वार्ड-40 में कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास ने फर्जी मतदान को लेकर शिकायत की। शिकायत के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत भी मौके पर पहुंचे।
कांग्रेस प्रत्याशी की शिकायत पर कलेक्टर मोदी ने मतदान प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की अंगुली पर मतदान की स्याही लगी हो, उसे दोबारा बूथ में प्रवेश नहीं दिया जाए।
हर 10 बूथ पर पुलिस मोबाइल पार्टी की निगरानी
सीकर के एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हर 10 बूथों पर एक सेक्टर पुलिस मोबाइल पार्टी और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात हैं। ये टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त करने के साथ मतदान केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।






