सीकर, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

इसी क्रम में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया, निर्वाचन गतिविधियों और आदर्श आचार संहिता के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और संभावित अभ्यर्थियों से चुनाव संबंधी नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की अपील की।

प्रचार सामग्री पर जरूरी होगा विवरण

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार ने चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण को लेकर निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मुद्रित प्रचार सामग्री पर मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम-पता, प्रसार संख्या और निर्धारित विवरण अंकित करना अनिवार्य होगा।

इसके साथ ही सार्वजनिक संपत्ति विरूपण से संबंधित नियमों की भी सख्ती से पालना करनी होगी।

नामांकन के दौरान रैली पर रोक

बैठक में बताया गया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवार को किसी भी तरह की रैली आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

नामांकन के दौरान निर्धारित सीमा के अनुसार जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम तीन, पंचायत समिति सदस्य के लिए दो और सरपंच पद के लिए एक वाहन लाने की अनुमति होगी।

परिणाम के बाद विजय जुलूस भी प्रतिबंधित

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।

अधिकारियों ने राजनीतिक दलों और संभावित अभ्यर्थियों से चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: पालन करने की अपील की।

चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा तय

बैठक में चुनाव व्यय की अधिकतम सीमा की भी जानकारी दी गई। इसके अनुसार

  • जिला परिषद सदस्य: 3 लाख रुपये
  • पंचायत समिति सदस्य: 1.50 लाख रुपये
  • सरपंच: 1 लाख रुपये

चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही चुनावी खर्च करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान किशोरी लाल और राजस्व अपीलीय अधिकारी राकेश कुमार गढ़वाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आम आदमी पार्टी से मुकेश गुर्जर, बहुजन समाज पार्टी से भंवरलाल दानोदिया एवं सुरेंद्र सैनी, भारतीय जनता पार्टी से महावीर प्रसाद सैन, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम) से पेमाराम, सुनिता सांई एवं रामप्रसाद शर्मा, इंडियन नेशनल कांग्रेस से सुनीता गठाला एवं पुरुषोतम शर्मा तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से महेन्द्र और इंजीनियर भंवर सिंह सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...