सीकर, पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनाव को लेकर वार्डों के वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।
जिला कलेक्टर एवं प्राधिकृत अधिकारी आशीष मोदी ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशों के अनुसार इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
लॉटरी के माध्यम से जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और सभी पंचायत समितियों के प्रधान के लिए संबंधित वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण निर्धारित किया जाएगा।
जिला परिषद सदस्य की लॉटरी सुबह 11 बजे
23 सितंबर 2026, बुधवार को जिला परिषद सभागार सीकर में आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया शुरू होगी।
- सुबह 11 बजे: जिला परिषद सदस्य (एकल निर्वाचन क्षेत्र) के वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण।
- दोपहर 1 बजे: सभी पंचायत समितियों के लिए प्रधान पद का वर्गवार एवं महिला आरक्षण।
- दोपहर 3 बजे: रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, बलारां, नेछवा, धोद, धोद ग्रामीण एवं पिपराली पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य (एकल निर्वाचन क्षेत्र) वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण।
- शाम 4:30 बजे: पलसाना, दांतारामगढ़, खाचरियावास, खण्डेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, नीमकाथाना एवं पाटन पंचायत समिति के वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण।
सरपंच और वार्ड पंच की लॉटरी 24 सितंबर को
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि सरपंच एवं वार्ड पंच से संबंधित आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर 2026, गुरुवार को निकाली जाएगी।
यह प्रक्रिया संबंधित उपखंड अधिकारियों द्वारा अपने-अपने उपखंड स्तर पर आयोजित की जाएगी।
इस आरक्षण प्रक्रिया के बाद पंचायत राज चुनावों के लिए विभिन्न पदों और वार्डों की आरक्षित श्रेणियों की स्थिति स्पष्ट होगी।






