सीकर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जन अभाव निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। समिति के समक्ष 6 प्रकरणों पर सुनवाई हुई, जिनमें से एक का मौके पर ही समाधान किया गया और शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की मौके पर जांच कर आमजन को राहत पहुंचाने और प्रकरणों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिया, ट्रांसफार्मर और सड़क से जुड़े मामले उठे
बैठक में तेज प्रकाश सैनी ने किशनपुरा पुलिया के घुमाव को सीधा करने और वहां स्थित ट्रांसफार्मर हटाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि पुलिया से उतरते समय अधिक घुमाव के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नेमीचंद कुमावत ने सीकर-नवलगढ़ रोड पर पुलिया निर्माण के नीचे सड़क और जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग रखी। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
मकान सुरक्षा का प्रकरण मौके पर निस्तारित
श्यामसुंदर सैनी, सीआरपीएफ कांस्टेबल, रामपुरा खंडेला ने अपने पैतृक मकान को सुरक्षित करवाने से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किया। जिला कलेक्टर ने एसडीएम खंडेला को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए और इस प्रकरण का मौके पर ही समाधान किया गया।
बैठक में सुमित बिजारणियां ने पालवास गांव में जलभराव की समस्या के समाधान की मांग रखी। वहीं शिव कॉलोनी एवं दुर्गा कॉलोनी के शंकरलाल माथुर और नरेंद्र सिंह ने सार्वजनिक आम रास्ते को राजस्व रिकॉर्ड में कटान एवं तरमीम किए जाने का प्रकरण प्रस्तुत किया।
यातायात और स्मृति वन से जुड़े प्रकरण भी सामने आए
बजरंग सिंह ने श्याम कॉलोनी सांवली में सांवली सर्किल चौराहे पर यातायात जाम की समस्या के समाधान की मांग की।
वहीं चित्रकूट कॉलोनी विकास समिति के कर्नल रामेश्वर लाल ने स्मृति वन सीकर के दक्षिणी हिस्से में नया प्रवेश द्वार स्थापित करने का प्रकरण रखा। जिला कलेक्टर ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त प्रकरणों की आवश्यकता के अनुसार मौके पर जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आमजन को राहत प्रदान की जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, एसडीएम सीकर सुशील कुमार सैनी, एलडीएम नंदलाल और डीटीओ ताराचंद मीणा सहित जिला स्तरीय समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






