सीकर, सीकर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन के तहत मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसमें फैक्ट्री में भीषण आग लगने और संभावित जनहानि का सीन तैयार कर विभिन्न विभागों का रिस्पांस टाइम और आपदा से निपटने की तैयारियां परखी गईं।
कंट्रोल रूम में मिली आग की सूचना
मॉकड्रिल के तहत दोपहर 2:05 बजे कंट्रोल रूम में जगदीश नामक व्यक्ति ने फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।
सीकर कलेक्टर आशीष मोदी, एसपी प्रवीण नायक नूनावत सहित पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कार्रवाई करते हुए करीब दो मिनट में आग पर काबू पा लिया।
10 मिनट में मौके पर पहुंचीं टीमें
मॉकड्रिल के दौरान पुलिस, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचीं। इसके बाद टीमों ने आग पर नियंत्रण, संभावित जनहानि से निपटने और राहत-बचाव की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
जिला प्रशासन की ओर से इस पूरी कवायद के दौरान संबंधित विभागों के रिस्पांस टाइम और आपात स्थिति में उनकी तैयारियों को परखा गया।
आपदा की स्थिति में तैयारियों की जांच
कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि डिजास्टर मैनेजमेंट की तैयारियों को जांचने के उद्देश्य से मॉकड्रिल कराई गई। इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में भीषण आग लगने का सीन क्रिएट कर यह देखा गया कि आपदा की स्थिति में विभिन्न विभाग कितनी तेजी और समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकते हैं।
मॉकड्रिल के जरिए आपात स्थिति में विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की तैयारियों का भी आकलन किया गया।






