सीकर। जिले में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने अब दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शुक्रवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और जनजागरूकता अभियानों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी जरूरी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
अवैध कट बंद होंगे, साइन बोर्ड लगेंगे
कलेक्टर ने सीकर शहर सहित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध कट वाले स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर पर्याप्त साईनेज बोर्ड लगाए जाएं, ताकि खासकर रात के समय वाहन चालकों को खतरे की जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इन स्थानों पर विशेष कार्रवाई के निर्देश
बैठक में धोद चौराहा, सांवली सर्किल और नानी चौराहा के पास लगे ट्रांसफार्मरों को हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं बगड़ी तिराहा (लक्ष्मणगढ़) पर साइन बोर्ड लगाने तथा लोहिया रिसोर्ट और सिमारला मोड़ के पास अवैध कट बंद कराने के निर्देश दिए गए।
इसके लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्रामीण सड़कों पर लगेंगे रेडियम वाले साइन बोर्ड
जिला कलेक्टर ने जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ग्रामीण सड़कों पर रेडियम युक्त साइन बोर्ड लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
वहीं आरएसआरडीसी और एनएचएआई को सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
स्कूलों में भी चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा और नो बैग डे के दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद और जिला परिषद को भी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आईईसी गतिविधियों के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
बाल वाहिनी चालकों की होगी आंखों की जांच
बैठक में जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के बाल वाहिनी चालकों की आंखों की जांच के लिए अस्पतालों में शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ को मुख्यमंत्री राहत योजना के तहत कम से कम 10 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए भी कहा गया।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बावड़ी के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
परकोटा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ईश्वर सिंह राठौड़ ने बैठक में शहर में हाथ ठेलों से होने वाले यातायात अवरोध, 11 प्रमुख जाम स्थलों, ट्रांसफार्मरों को ऊंचे स्थान पर स्थानांतरित करने और अवैध टैक्सियों की जांच सहित कई सुझाव दिए।
कलेक्टर ने नगर पालिका और पुलिस विभाग को परकोटा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर सात दिन में यातायात व्यवस्था सुधारने संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल सड़क निर्माण एजेंसियों ही नहीं, बल्कि पुलिस, शिक्षा विभाग, नगर निकाय और जिला प्रशासन को मिलकर काम करना होगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भावना शर्मा, यूआईटी सचिव राजवीर चौधरी, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव सहित पीडब्ल्यूडी, परिवहन, पीएचईडी, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।






