सीकर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई 2026 को बालोतरा में प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन एवं अन्य कार्यक्रमों के अवसर पर सीकर में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया जाएगा और विभिन्न विभागों के करीब 2,500 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सीकर जिला स्टेडियम में होगा, जहां नवनियुक्त कार्मिकों, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आमजन सहित 5,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर होने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रतिभागियों की सुविधा और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी की जाएं।
कार्यक्रम स्थल पर रहेंगी ये सुविधाएं
कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैकअप जनरेटर, इंटरनेट एवं संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवनियुक्त कार्मिकों को मिलेगी वेलकम किट
कार्यक्रम का नोडल विभाग शिक्षा विभाग बनाया गया है। जिला स्तरीय समारोह में शामिल होने वाले नवनियुक्त कार्मिकों का पंजीकरण काउंटर पर किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें वेलकम किट प्रदान की जाएगी।
इस किट में जूट बैग, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश, डायरी, टोपी, बुकलेट, दुपट्टा सहित कुल सात सामग्री शामिल रहेंगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा, एडीएम सिटी भावना शर्मा, जिला परिषद सीईओ राजपाल यादव, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, डीटीओ ताराचंद बंजारा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






