सीकर, पंचायत समिति पिपराली की ग्राम पंचायत सकराय में वीबी-जी रामजी योजना के तहत चल रहे वृक्षारोपण कार्य में साप्ताहिक अवकाश के दिन श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भगोवा में चल रहे कार्य के मस्टर रोल संख्या 1382 में 16 जुलाई 2026 को दो श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज पाई गई।
लोकपाल, वीबी-जी रामजी, जिला परिषद सीकर हरिराम के अनुसार, 16 जुलाई गुरुवार को श्रमिकों के लिए साप्ताहिक अवकाश घोषित था। इसके बावजूद उस दिन NMMS ऐप पर श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई।
साप्ताहिक अवकाश के दिन उपस्थिति पर उठे सवाल
लोकपाल के अनुसार, प्रत्येक गुरुवार को श्रमिकों के लिए साप्ताहिक अवकाश निर्धारित है। ऐसे में अवकाश के दिन मस्टर रोल में उपस्थिति दर्ज किया जाना भारत सरकार और राज्य सरकार के विभागीय आदेशों तथा वीबी-जी रामजी योजना के दिशा-निर्देशों की अवहेलना माना गया है।
प्रकरण में संबंधित व्यक्ति की ओर से कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनियमितता माने जाने की बात कही गई है। मामले की सुनवाई के लिए संबंधित पक्ष को अपना जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
24 अगस्त को फिर होगी सुनवाई
लोकपाल ने बताया कि मामले में संबंधित पक्ष की सुनवाई 11 अगस्त 2026 को दोपहर 2:30 बजे निर्धारित की गई थी, लेकिन संबंधित व्यक्ति निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं हुआ।
इसके बाद दोबारा नोटिस जारी कर 24 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश
संबंधित पक्ष को सुनवाई के दौरान मूल मस्टर रोल, वेज लिस्ट, ऑनलाइन मस्टर रोल रिपोर्ट, मूल एमबी (मेजरमेंट बुक) और उनकी प्रमाणित प्रतियों सहित अन्य संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
लोकपाल के अनुसार, निर्धारित तारीख और समय पर उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ नियमानुसार तथा वीबी-जी रामजी अधिनियम, 2025 के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित की जिम्मेदारी स्वयं की होगी।






