सीकर। महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने की दिशा में महिला अधिकारिता विभाग ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थलों पर आंतरिक शिकायत समिति (आईसी) का गठन कराया गया और शी-बॉक्स (SHe-Box) पोर्टल पर संस्थानों का पंजीकरण भी सुनिश्चित किया गया।
यह कार्रवाई महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार की गई।
दो संस्थानों का किया गया औचक निरीक्षण
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक नीलम कुमारी ने सेंट मेरटीन स्कूल, शिवसिंहपुरा और गतिक डिफेंस अकादमी, नवलगढ़ रोड का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित कराई गई।
आंतरिक समिति गठन और शी-बॉक्स पर पंजीकरण
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में महिलाओं की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए आंतरिक समिति (Internal Committee – IC) का गठन कराया गया। साथ ही संबंधित संस्थानों का SHe-Box पोर्टल पर पंजीकरण भी करवाया गया।
इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए शिकायत निवारण की प्रभावी और पारदर्शी प्रणाली उपलब्ध कराना है।
संस्थानों को दिए आवश्यक निर्देश
महिला अधिकारिता विभाग की ओर से संस्थान प्रबंधन को अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी संस्थान महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करें तथा अधिनियम के प्रावधानों का पूर्ण पालन करें।






