सीकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने बुधवार को प्रशासनिक भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का अवलोकन किया।
उन्होंने कुलसचिव कार्यालय, परीक्षा विभाग, परीक्षा गोपनीय शाखा, रिसर्च अनुभाग, आईटी, संपदा, संबद्धता शाखा, अकाउंट्स और संस्थापन विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
कुलगुरु ने विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनके दायित्वों और विभागीय व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
AQPMS की तकनीकी प्रक्रिया समझी
कुलगुरु प्रो. सिंह ने परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए ऑटोमेटेड क्वेश्चन पेपर मैनेजमेंट सिस्टम यानी AQPMS की तकनीकी प्रक्रिया को भी समझा।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा एवं प्रश्नपत्र निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों में तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
पारदर्शी और विद्यार्थी-केंद्रित व्यवस्था पर जोर
कुलगुरु प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को पारदर्शी, प्रभावी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग, आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्यप्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
कुलगुरु ने विभागीय कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीम भावना से काम करने का आह्वान
प्रो. सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थी हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने पर जोर दिया और सभी विभागों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, उपकुलसचिव रामसिंह सरावग, सहायक कुलसचिव (परीक्षा) डॉ. रामचरण मीणा, सहायक कुलसचिव (संपदा) कन्हैया लाल जांगिड़, आईटी उपनिदेशक प्रियंका और मीडिया प्रभारी डॉ. महेश गुप्ता सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






