सीकर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सीकर जिले में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने जिले के सभी नगरीय निकायों के लिए समन्वयक अधिकारियों की नियुक्ति की है।

27 अगस्त को लोक सूचना जारी होने के बाद निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए यह जिम्मेदारी तय की गई है।

13 नगरीय निकायों के लिए अधिकारी नियुक्त

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार फतेहपुर नगर परिषद के लिए आयुक्त नगर परिषद फतेहपुर तथा सीकर नगर परिषद के लिए आयुक्त नगर परिषद सीकर को समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रामगढ़ शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, धोद, लोसल, दांता, खाटूश्यामजी, पलसाना, खंडेला, रींगस, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ नगरपालिकाओं के संबंधित अधिशाषी अधिकारियों को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।

रिटर्निंग अधिकारियों से करना होगा समन्वय

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी समन्वयक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें।

साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग की टीम के साथ लगातार संपर्क में रहते हुए राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना तक जिम्मेदारी

समन्वयक अधिकारियों की निगरानी में चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं पूरी कराई जाएंगी। इनमें प्रबल कक्ष (स्ट्रॉन्ग रूम) का निर्माण, प्रशिक्षण व्यवस्था, मतदान दलों के ठहरने के स्थान और मतदान सामग्री के संग्रहण की व्यवस्था शामिल है।

इसके साथ ही मतगणना से संबंधित तैयारियों की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

अधिकारियों की मौजूदगी में होंगे सभी काम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी चुनावी तैयारियां अधिकारियों की स्वयं की मौजूदगी और नियमित मॉनिटरिंग में पूरी कराई जाएं।

प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को सुचारु, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना है। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अब संबंधित अधिकारी जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटेंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...