सीकर। विद्यालयों में विद्या संबल योजना के तहत अस्थायी गेस्ट फैकल्टी लगाए जाने की व्यवस्था को लेकर बाजोर फाउंडेशन ने सवाल उठाए हैं।

फाउंडेशन ने योजना को निरस्त कर स्थायी शिक्षक भर्ती के लिए तत्काल विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।

स्थायी पदों पर नियमित भर्ती की मांग

बाजोर फाउंडेशन की संरक्षक चंपा बाजोर ने कहा कि राज्य के विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में यदि स्थायी पद स्वीकृत हैं और उनकी आवश्यकता लगातार बनी हुई है, तो उन्हें अस्थायी व्यवस्था के बजाय नियमित भर्ती से भरा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रिक्त स्थायी पदों पर लगातार अस्थायी व्यवस्था को बढ़ावा देना विद्यार्थियों, अभ्यर्थियों और शिक्षकों सहित पूरी शिक्षा व्यवस्था के दीर्घकालीन हित में उचित नहीं है।

गेस्ट फैकल्टी मॉडल पर उठाए सवाल

चंपा बाजोर ने विद्या संबल योजना को लाखों विद्यार्थियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला बताया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था को गेस्ट फैकल्टी मॉडल के बजाय नियमित, पारदर्शी, जवाबदेह और स्थायी शिक्षक भर्ती व्यवस्था की आवश्यकता है।

लाखों युवा भर्ती का इंतजार कर रहे

फाउंडेशन के संस्थापक मोहन बाजोर ने बताया कि ज्ञापन में राजस्थान के लाखों युवाओं का मुद्दा भी उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि युवा वर्षों से शिक्षक एवं व्याख्याता भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं और निर्धारित योग्यताएं हासिल करने के बाद वे सरकारी सेवा में चयन की उम्मीद लगाए हुए हैं।

शिक्षा में निरंतरता जरूरी

मोहन बाजोर ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का संवैधानिक आधार प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा में शिक्षक की मौजूदगी तक सीमित नहीं है। इसमें निरंतरता, जवाबदेही, अकादमिक योजना, मूल्यांकन और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण है।

अस्थायी व्यवस्था से पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका

फाउंडेशन के अनुसार बार-बार बदलने वाली अस्थायी व्यवस्था से विद्यार्थियों की पढ़ाई की निरंतरता प्रभावित हो सकती है।

इसके अलावा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की स्थिरता कम होने, शैक्षणिक योजना प्रभावित होने और परीक्षा परिणाम एवं विद्यार्थियों की तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका भी जताई गई।

रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग

बाजोर फाउंडेशन ने राजस्थान सरकार से रिक्त स्थायी पदों पर तत्काल भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग की है।

फाउंडेशन ने कहा कि युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू की जानी चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में स्थायित्व के साथ अभ्यर्थियों को भी रोजगार के अवसर मिल सकें।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...