सीकर, राजस्थान सरकार के विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत पंचायत समिति पिपराली में आयोजित शिविर का शुक्रवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने शिविर में आए परिवादियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
धोद में कृषि अधिकारी अनुपस्थित, विकास अधिकारी को चार्जशीट के निर्देश
जिला कलेक्टर ने धोद पंचायत समिति सभागार में आयोजित शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां कृषि विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने और लाभार्थियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने विकास अधिकारी भींवाराम को चार्जशीट जारी करने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए।
पिपराली में लाभार्थियों को बांटे योजनाओं के लाभ
इसके बाद जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने पंचायत समिति पिपराली सभागार में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के 35 लाभार्थियों को इंडक्शन कुकटॉप, 10 नवीन पेंशन लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति आदेश तथा 10 लाभार्थियों को कृषि मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
शिविर के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सीकर राजपाल यादव, उपखंड अधिकारी सीकर सुभाष चंद्र, विकास अधिकारी पंचायत समिति पिपराली राजूराम सैनी और तहसीलदार सीकर अनिरुद्ध देव पांडे सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
शिविर में आमजन ने भी भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।






