सीकर जिले में नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण 17 अगस्त 2026 को लॉटरी के माध्यम से निर्धारित किया जाएगा। जिला परिषद सभागार में होने वाली इस प्रक्रिया में नगर निकायों के वार्ड पार्षद, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पद के लिए आरक्षण तय होगा।
प्राधिकृत अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि स्वायत्त शासन विभाग और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशों के तहत आरक्षण लॉटरी का कार्यक्रम जारी किया गया है।
सुबह 11 बजे से शुरू होगी नगर निकायों की लॉटरी
जिला परिषद सभागार में सुबह 11 बजे रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, धोद, लोसल और सीकर के वार्ड पार्षदों के एकल निर्वाचन क्षेत्रों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे पलसाना, दांतारामगढ़, खाटूश्यामजी, रींगस, खंडेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ और नीमकाथाना के वार्ड पार्षदों के निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण निर्धारित किया जाएगा।
जिला परिषद और पंचायत समितियों का भी तय होगा आरक्षण
अपराह्न 3 बजे जिला परिषद सदस्य के एकल निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आरक्षण लॉटरी होगी। इसके बाद 3:30 बजे सभी पंचायत समितियों के प्रधान पद के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
शाम 4 बजे रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, बलारां, नेछवा, धोद ग्रामीण और पिपराली पंचायत समिति सदस्य के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आरक्षण प्रक्रिया होगी।
इसके बाद शाम 5 बजे पलसाना, दांतारामगढ़, खाचरियावास, खंडेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, नीमकाथाना और पाटन पंचायत समिति सदस्य के निर्वाचन क्षेत्रों की लॉटरी निकाली जाएगी।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शामिल होने की अपील
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधियों को लॉटरी प्रक्रिया में उपस्थित होने के लिए भेजें।
आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया के बाद जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में वर्गवार एवं महिला आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।






