अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों, बजट घोषणाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संपर्क पोर्टल के मामलों पर दिया विशेष जोर
एडीएम भावना शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का प्रभावी एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाने के लिए मामलों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग तथा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में पीएम ई-बस सेवा योजना, पीएम सूर्यघर योजना, आरडीएसएस, लाडो प्रोत्साहन योजना, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), स्वामित्व योजना, एमजेएसए 2.0, ड्रोन दीदी एवं बैंक सखी कार्यक्रम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ तथा हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
एडीएम ने सभी विभागों को हरियालो राजस्थान अभियान के तहत निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य समय पर पूरा करने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां सभी विभाग समय पर पूरी करें और अभियान के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें।
बैठक में यूआईटी, नगर परिषद, पीएचईडी, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, सहकारिता, रसद, स्थानीय निकाय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






