सीकर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भावना शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
लोकायुक्त और मानवाधिकार आयोग के मामलों पर फोकस
बैठक में लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग और संपर्क पोर्टल से संबंधित लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नगर परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पीएचईडी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित कार्यों की समीक्षा की गई और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री बजट घोषणा, लाडो योजना, खाद्य सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
कृषि विभाग को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में अनुसूचित जाति वर्ग के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर भावना शर्मा ने लंबित प्रकरणों में आवश्यक स्वीकृतियां जारी करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान समेत योजनाओं की समीक्षा
बैठक में ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान, स्वच्छ भारत मिशन शहरी एवं ग्रामीण, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, हरियालो राजस्थान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और अमृत योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, यूआईटी सचिव राजवीर चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा, अधीक्षण अभियंता एवीवीएनएल सुभाष देवन्दा, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी चुन्नी लाल, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया और संयुक्त निदेशक डीओआईटी सत्यनारायण चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






