सीकर। राजस्व विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत ने बुधवार को सीकर जिले के विभिन्न राजस्व कार्यालयों और न्यायालयों का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, विशेष अभियानों और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कई कार्यालयों का किया निरीक्षण
प्रमुख शासन सचिव ने उपखंड कार्यालय सीकर, एसीएम द्वितीय कार्यालय, जिला राजस्व न्यायालय तथा एलआर सेक्शन के स्टोर रूम का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था और न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित मामलों पर विशेष जोर
टी. रविकांत ने अधिकारियों को पुराने रिकॉर्डों की तल्फी करने, राजस्व न्यायालयों में लंबित पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से रिकॉर्ड में जमा कराने तथा रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुर्रेजात एवं मौका रिपोर्ट से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रत्येक 15 दिन में तहसील स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर आशीष मोदी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






