सीकर। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से शनिवार को सीकर में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरभ विजय, आईएएस ने रिबन काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र शुरू होने से सीकर और आसपास के जिलों के निवासियों को आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
उद्घाटन के दौरान UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, निदेशक कुमार उज्ज्वल, आधार केंद्र प्रबंधक ब्रीजेंद्र सिंह गोदारा सहित UIDAI ASK स्टाफ, सेवा प्रदाता प्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एक ही केंद्र पर मिलेंगी कई आधार सेवाएं
नए आधार सेवा केंद्र पर आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, विवरण में सुधार और शिकायत निवारण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होंगी।
केंद्र को सुचारू संचालन के लिए 8 परिचालित किट्स से सुसज्जित किया गया है। सार्वजनिक अवकाशों को छोड़कर केंद्र सभी दिनों में संचालित रहेगा। निवासी आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकेंगे।
व्हीलचेयर सुविधा और शिकायत निवारण की व्यवस्था
आधार सेवा केंद्र में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्हीलचेयर सुगम्यता, सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण तंत्र की व्यवस्था की गई है।
UIDAI के अनुसार, केंद्र का उद्देश्य निवासियों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराना है।
फॉरेन इमीग्रेशन पोर्टल से जोड़ा गया आधार
UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरभ विजय ने बताया कि आधार सेवाओं को अब फॉरेन इमीग्रेशन पोर्टल से जोड़ा गया है। इसके जरिए पासपोर्ट और वीजा वैधता सहित अन्य आवश्यक सूचनाओं का उपयोग कर आधार में डुप्लीकेशन की संभावना को रोकने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इससे अपात्र विदेशी नागरिकों के आधार नामांकन को रोकने और किसी अवैध नागरिक का आधार नहीं बनने की प्रक्रिया को भी और सुदृढ़ किया जाएगा।
आसपास के जिलों के लोगों को मिलेगा फायदा
सौरभ विजय ने बताया कि जानकारी के अभाव में राजस्थान के विभिन्न जिलों के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दिल्ली स्थित कार्यालय जाना पड़ता था। सीकर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से सीकर सहित आसपास के जिलों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आधार नामांकन, अपडेट और अन्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इससे नागरिकों को समय और यात्रा की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा मुफ्त
5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
राजस्थान में यह सुविधा आधार सेवा केंद्रों के अलावा स्कूल शिविरों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है। अभिभावक निर्धारित अवधि में बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं।
CEO ने केंद्र का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद UIDAI CEO सौरभ विजय ने आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र पर आने वाले निवासियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नए केंद्र के शुरू होने से सीकर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। इससे आधार सेवाओं की पहुंच और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।






