अडुका गांव में गरीब परिवार पर आफत की बारिश
लगातार दो दिन से हो रही बारिश के बीच झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र के निकटवर्ती अडुका गांव में मंगलवार को एक मकान ढह जाने से गरीब परिवार पर संकट आ गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। परिवार के सदस्य घटना से कुछ समय पहले ही कमरे से बाहर निकल गए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव की पानी की टंकी के पास रहने वाले कैलाश गंवारिया के मकान का पत्थर की पट्टियों से बना एक कमरा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गया।परिवार ने मकान में दो कमरे बना रखे हैं। इनमें से एक कमरे की छत अचानक ढह गई।
गनीमत रही कि हादसे से कुछ देर पहले ही परिवार के दो सदस्य कमरे से बाहर निकल आए थे। यदि वे अंदर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।बताया गया कि कैलाश गंवारिया फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
परिजनों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रभावित परिवार को राहत दिलाने की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र सहायता प्रदान करने की अपील की है। शेखावाटी लाइव के लिए चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






