बगड़ तिराहे पर हुआ भीषण हादसा
झुंझुनूं जिले के बगड़ तिराहे पर देर रात करीब 1 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। दुर्घटना में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
इसके बाद थाना प्रभारी भी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे।हादसा इतना गंभीर था कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से वाहन को हटवाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।घायलों को 108 एंबुलेंस से पहले बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं दोनों मृतकों के शव बगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो चालक की पहचान नवलगढ़ के कोलसिया निवासी राकेश के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ चिड़ावा की ओर जा रहा था, तभी बगड़ तिराहे के पास हादसा हो गया। दुर्घटना में राकेश की मौत हो गई, जबकि दूसरे मृतक और दोनों घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
मृतक राकेश के भाई नेमीचंद ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के दौरान स्कॉर्पियो के एयरबैग नहीं खुले, जिससे हादसा अधिक गंभीर हो गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






