पहले बाइक, फिर कार से टकराई बस
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा-झुंझुनूं बाइपास पर सोमवार दोपहर एक निजी बस की टक्कर से सड़क हादसा हो गया। पंडित गणेश नारायण प्रवेश द्वार के पास हुई इस दुर्घटना में बस ने पहले एक बाइक और फिर हरियाणा नंबर की कार को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार चार युवक घायल हो गए, जबकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिलानी की ओर से ओजटू की दिशा में जा रही निजी बस ने आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही हरियाणा नंबर की कार से भी टकरा गई।हादसे के समय बाइक पर चार युवक सवार थे।हादसे में ओजटू निवासी अनुज (17) पुत्र कैलाश और मुकेश (18) पुत्र शिवलाल घायल हो गए। दोनों को 108 एम्बुलेंस के चालक मनेंद्र सिंह और आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन सतीश कुमार ने चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉ. निर्मला और वार्ड बॉय राहुल ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत सामान्य है।वहीं दुलीचंद (21) पुत्र दिनेश और आदित्य (19) पुत्र दिलीप, निवासी ओजटू, को परिजन निजी वाहन से उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए। हादसे की सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना से हेड कांस्टेबल जगदीप राव और कांस्टेबल योगेश शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






