चिड़ावा के लाखू क्षेत्र के पास देर रात हुआ हादसा
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। लाखू क्षेत्र के पास रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक डंपर सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार पिचानवा निवासी 45 वर्षीय चरणसिंह उर्फ झूमर, पुत्र रघुवीर सिंह, चिड़ावा से अपने गांव बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान लाखू क्षेत्र के पास सामने से आए डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एक निजी एम्बुलेंस चालक घायल को तत्काल उप जिला अस्पताल, चिड़ावा लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉ. भानूप्रकाश भास्कर एवं वार्ड बॉय कर्मवीर श्योराण ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया गया है कि मृतक डालमिया की ढाणी स्थित प्रदीप सैनी के यहां पानी का टैंकर चलाने का कार्य करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पर चिड़ावा थाने से हेड कांस्टेबल जगदीप राव एवं कांस्टेबल विकास डारा मौके और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं दुर्घटना के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश के लिए पुलिस विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही है।
चरणसिंह की असमय मौत से उनके परिवार और गांव में शोक का माहौल है। रोज़गार के लिए टैंकर चालक के रूप में कार्य करने वाले चरणसिंह के निधन से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






